logo

झारखंड में बनेगी वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटी, 5 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट का CM सोरेन ने किया शिलान्यास।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन एक विश्वसनीय संस्थान है। फाउंडेशन इटकी में पांच हजार करोड़ की विश्वस्तरीय परियोजना के अंतर्गत अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी, 500 बेड का अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, समाजिक क्षेत्र को लेकर शिक्षा और स्कूल का निर्माण करेगी।
इस विश्वस्तरीय परियोजना की रोशनी देश के कोने-कोने में फैलेगी और झारखंड के सर्वांगीण विकास में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने उक्त बातें बुधवार को टीबी सेनेटोरियम मैदान इटकी में अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी, मेडिकल कॉलेज और स्कूल निर्माण का शुभारम्भ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इटकी का देश में अलग पहचान होगा। वर्ष 2026 तक अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय एवं स्कूल में पठन-पाठन का काम शुरू होगा।

खनिज संपदा से अलग तलाश रहे संभावनाएं

सीएम ने कहा कि हमारी सरकार खनिज संपदाओं से अलग हटकर विकास की अन्य संभावनाओं को तलाश रही है। यहां के खनिज का लाभ लोगों को पूर्ण रूप से नहीं मिल पाया। यहां की खनिज संपदाओं का लाभ दूसरे प्रदेश के लोगों ने उठाया। हमारी सरकार अब राज्य में सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के रास्ते को ढूंढते हुए कई महत्वपूर्ण और कल्याणकारी कार्य कर रही है।
सांसद और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में सांसद सुदर्शन भगत, पूर्व विधायक बंधु तिर्की, अपर मुख्य सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव राहुल पुरवार, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सीईओ अनुराग बेहर सहित राज्य सरकार के अन्य पदाधिकारी एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

राज्य में शिक्षा व्यवस्था बदलने का प्रयास

सीएम सोरेन ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार गठन के बाद से ही राज्य के सर्वांगीण विकास को लेकर प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है। हमारी सरकार ने राज्य में शिक्षा व्यवस्था को बदलने का पूरा प्रयास किया है। आज हम राज्य में प्राइवेट स्कूलों के तर्ज पर सरकारी स्कूलों को उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में परिवर्तित कर रहे हैं। आने वाले दिनों में राज्य के 5000 स्कूलों को उत्कृष्ट विद्यालय बनाया जाएगा।
सामाजिक सरोकार में फाउंडेशन आगे

सीएम ने कहा कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन व्यापार के लिए नहीं बल्कि सामाजिक सरोकार के लिए जाना जाता है। इस संस्थान की ओर से समाज के अंतिम पायदान में खड़े व्यक्ति तक बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा प्रदान किया जा रहा है। इनका सामाजिक सरोकार से गहरा नाता रहा है। यह प्रोजेक्ट कोई और प्रदेश में भी लगाने का निर्णय संस्थान कर सकता था, लेकिन संस्थान के सीईओ अनुराग बेहर ने राज्य सरकार की नीति एवं प्रतिबद्धता को देखते हुए इटकी को ही चुना।

राज्य के साथ बढ़ेगा संस्थान: प्रेमजी

इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अजीम प्रेमजी के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से वार्ता हुई। अजीम प्रेमजी ने भी मुख्यमंत्री से कहा कि फाउंडेशन राज्य सरकार के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करते हुए राज्य के विकास में अपना पूरा योगदान देगा। राज्य के सर्वांगीण विकास में संस्थान आपके साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ेगा। सीएम ने उनसे कहा कि विश्वास है कि फाउंडेशन सेवा भाव
से कार्य करेगा और राज्य को विकास की राह में आगे ले जाने में भूमिका निभाएगा।

0
0 views